अलवर , जुलाई 28 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के कोटकासिम क्षेत्र में नौ बच्चों की मां अपनी 10वें प्रसव के लिए भी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने को तैयार नहीं है।

महिला की हालत गंभीर होने के बावजूद उसने चिकित्सकों की सलाह मानने से इन्कार कर दिया और अस्पताल से घर लौट आई। अब स्वास्थ्य विभाग का दल महिला और उसके परिजनों को समझाने में जुटी हुआ है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोटकासिम क्षेत्र की सरोज की यह 10वीं गर्भावस्था है। सरोज के पहले से नौ बच्चे हैं। उसकी नियमित निगरानी स्वास्थ्य सखी और एएनएम द्वारा की जा रही थी। 21 जुलाई को सरोज को उप स्वास्थ्य केंद्र खानपुर लाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर पाया।

जांच में महिला का रक्तचाप (बीपी) 170 से 190 के बीच दर्ज किया गया, जिसे चिकित्सकों ने अत्यंत ज्यादा बताया। इसके बाद उसे तत्काल 108 एम्बुलेंस से अलवर के जनाना अस्पताल भेजा गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे जयपुर भेज दिया, लेकिन महिला ने जयपुर जाने से इन्कार कर दिया और अस्पताल छोड़कर वापस अपने घर चली गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्साधिकारियों ने लगातार महिला और उसके परिवार से संपर्क किया। उन्हें समझाया जा रहा है कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में ही प्रसव कराया जाए, लेकिन महिला फिलहाल घर पर ही प्रसव कराने की जिद पर अड़ी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित