जयपुर , जुलाई 05 -- राजस्थान में अजमेर जिला पुलिस की आदर्श नगर थाना टीम और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर के पॉश इलाके में हुई एक बड़ी घरेलू चोरी का पर्दाफाश करते हुए आरोपी दम्पति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार महज कुछ ही दिनों में वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के संपूर्ण सोने-हीरे के जेवरात और पांच लाख रुपये नगद शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए। इस घटना को अंजाम देने वाला कोई बाहरी गिरोह नहीं, बल्कि परिवादी का सगा भतीजा और भतीजे की पत्नी ही निकले, जिन्होंने आपसी रंजिश और लालच के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।
यह मामला आदर्श नगर थाना क्षेत्र का है,जहां गोपाल खंडेलवाल का परिवार खाटूश्यामजी दर्शन के लिए गया था और जब परिवार वापस लौटा, तो घर के मुख्य ताले तो वैसे ही लगे मिले, लेकिन बेडरूम के अंदर बनी मुख्य अलमारी से 15 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां, पांच सोने के हार सेट, चार सोने की चूड़ियां, एक हीरे का मंगलसूत्र, एक सोने का मंगलसूत्र, एक हीरे की अंगूठी और चार सोने की चेन गायब थीं।
इस मामले में पुलिस की विशेष टीमों का गठन कर जांच करने पर पहली मंजिल पर रहने वाले परिवादी के भतीजे मनीष खंडेलवाल उर्फ मोनी (47) और उसकी पत्नी दीप्ति खंडेलवाल उर्फ डोली (43) को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर उनके कमरे की तलाशी ली, जहां से परिवादी के कमरे की चोरी की गई चाबी, 15 किलो चांदी की सिल्लियां, पांच लाख रुपये नगद और गायब हुए सोने एवं हीरे के समस्त जेवरात पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित