नयी दिल्ली , अक्तूबर 08 -- दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने करीब 1,600 उपग्रहों और 23 ग्राउंड स्टेशनों के साथ देश के कोने-कोने में अपना नेटवर्क पहुंचाने की योजना बनाई है।
कंपनी ने यहां यशोभूमि में चल रहे इंडिया मोबाइल कांग्रेस में इसकी घोषणा की। उसने बताया कि यह योजना अभी प्रस्ताव के चरण में है। इसका लक्ष्य उन इलाकों तक अपना नेटवर्क पहुंचाना है, जहां जमीनी नेटवर्क की पहुंच मुश्किल है। जियो ने इसे 'सॉवरेन सैटेलाइट कनेक्टिविटी' नाम दिया है। ये उपग्रह पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित किए जाएंगे। कंपनी का विजन डिजाइन, अभियांत्रिकी, एकीकरण और परीक्षण से लेकर परिचालन तक पूरी श्रृंखला पर नियंत्रण भारत में रखने का है।
जियो की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस योजना में 23 प्रस्तावित ग्राउंड स्टेशन अहम भूमिका निभाएंगे। ये स्टेशन उपग्रह नेटवर्क को देश की जमीन से जोड़ेंगे। साथ ही उपग्रह और जियो के मौजूदा जमीनी नेटवर्क को एक साथ जोड़ने की योजना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित