चंडीगढ़ , अक्टूबर 15 -- हरियाणा सरकार के 'योगयुक्त, नशामुक्त हरियाणा' के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य योग आयोग की ओर से सरकारी कर्मचारियों को योग से जोड़ने की पहल की जा रही है।

इसी कड़ी में चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत कर्मचारियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है।

आयोग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक पिछले दो वर्षों से सचिवालय की विभिन्न शाखाओं में जाकर कर्मचारियों को प्रतिदिन 15 से 20 मिनट तक योगाभ्यास करवा रहे हैं। इन सत्रों में गहरा श्वसन, सूक्ष्म यौगिक क्रियाएं, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जाता है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को तनावमुक्त रखने, मानसिक एकाग्रता बढ़ाने और शारीरिक ऊर्जा में सुधार करना है।

आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। योग नशामुक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी मानसिक रूप से तनावमुक्त और ऊर्जावान रहेंगे, तो जनसेवा तथा प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगमता और गति से पूरा करने में मदद मिलेगी। नियमित योगाभ्यास कर्मचारियों की दिनचर्या में मानसिक शांति और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बन रहा है।

डॉ. आर्य ने कहा कि सचिवालय में चल रही यह पहल प्रदेशभर में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और योगयुक्त, नशामुक्त हरियाणा' के संदेश को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित