पौड़ी , अप्रैल, 30 -- उत्तराखंड में पौड़ी में ''बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ'' अभियान के तहत विकासखंड थलीसैंण में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और समाज में सकारात्मक संदेश देना रहा।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उच्च शिक्षा के लिए लक्ष्य निर्धारित करने और निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

यह आयोजन उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी के निर्देशों के अनुपालन में किया गया, जिसके तहत विद्यालयों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य छात्राएं भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होती हैं।

बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने बताया कि विभाग आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि बालिकाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की पढ़ाई में सहयोग बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दीपक प्रताप, कानूनगो जयप्रकाश शाह, सुपरवाइजर पूजा रावत, पटवारी हरेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित