कोंडागांव , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ''बस्तर मुन्ने'' अभियान के तहत गांव-गांव सर्वेक्षण कार्य तेज़ी से जारी है।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखण्ड केशकाल में एनसीएईआर सर्वेक्षण के आधार पर व्यक्तिमूलक योजनाओं का संतृप्तिकरण किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से पहुंचाया जा सके।

गोंडी भाषा में ''बस्तर मुन्ने'' का अर्थ ''अग्रणी बस्तर'' है। इस अभियान के अंतर्गत ''नियद नेल्लानार'' के तहत चिन्हित 31 जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित परिवारों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से संतृप्तता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत, क्लस्टर एवं विकासखण्ड स्तर पर शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। केशकाल विकासखण्ड में 21 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक पंचायत स्तर पर सर्वे कार्य किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संभावित लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें शीघ्र लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित