पटना, सितम्बर 26 -- गामी दो अक्टूबर को प्रत्येक जिले में आयोजित होने वाले ''नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल'' कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में वर्चुअल माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने जिलावार कार्यक्रम प्रभारियों एवं पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर श्री कुशवाहा ने कहा कि 'नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल' कार्यक्रम को पूरे बिहार में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसे ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता साथी पूरे उत्साह एवं आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीते 20 वर्षों में महिला सशक्तिकरण, विशेषकर जीविका के माध्यम से महिलाओं के जीवन में जो ऐतिहासिक बदलाव हुए, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से एक करोड़ 88 लाख महिलाएं सशक्त हुई हैं और परिवार एवं समाज की विकास यात्रा में अपना योगदान दे रही हैं।
श्रवण कुमार ने कहा कि दो अक्टूबर 2006 को नीतीश कुमार की दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व में जीविका की शुरुआत की गई थी। आज 20 वर्ष पूरे होने के बाद यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके 20 वर्ष पूर्ण होने पर 'नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल' के माध्यम से नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करना है।
इस दौरान बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी, डाॅ. अमरदीप, मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा एवं श्रीमती अंजुम आरा मौजूद रहीं।
वहीं, वर्चुअल माध्यम से बिहार सरकार की मंत्री श्रीमती लेसी सिंह, मंत्री डाॅ.श्वेता गुप्ता, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सह विधान पार्षद श्रीमती शिवरानी देवी प्रजापति, श्रीमती खुशबू रानी, श्रीमती सुप्रिया रानी, पूर्व सांसद श्रीमती कहकशां परवीन, विधायक श्रीमती मनोरमा देवी, विधान पार्षद श्रीमती रीना यादव, विधान पार्षद श्रीमती रेखा कुमारी,विधान पार्षद सह प्रवक्ता डाॅ.भारती मेहता, विधायक श्रीमती शालिनी मिश्रा, विधायक श्रीमती मीना कामत,विधायक श्रीमती सोनम सरदार, पूर्व मंत्री श्रीमती डाॅ. रंजू गीता,डॉ.श्वेता विश्वास, श्रीमती कंचन गुप्ता, श्रीमती संगीता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी की महिला पदाधिकारी एवं नेत्रियां शामिल हुईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित