सहारनपुर , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सेवा संकल्प अभियान-''जन सेवा से देश सेवा'' के अंतर्गत जनपद में ''आशीर्वाद का दीया'' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ''विकसित भारत-2047'' के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
जनपद के सभी शासकीय कार्यालयों, नगर निकाय, तहसीलों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों एवं लाभार्थियों के घरों में दीप जलाए गए।
''आशीर्वाद का दीया'' कार्यक्रम के अंतर्गत गोगा म्हाडी अमृत सरोवर तालाब, भूतेश्वर मंदिर, रेलवे स्टेशन, शाहजहांपुर घाट, बालाजी धाम, कुआ खेड़ा संगम, छट पूजा घाट (यमुना नहर), भारत सरोवर चकवाली, श्री त्रिपुर माँ बाला सुन्दरी देवी मंदिर तालाब देवबंद, माँ शाकम्भरी देवी सिद्धपीठ पर्यटन कॉरिडोर, गागलहेड़ी चौक सहित सरकारी कार्यालयों, प्रमुख परियोजनाओं, मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
इसके साथ ही लाभार्थियों के घरों, पंचायत सचिवालयों, घाट, अमृत सरोवरों, जल जीवन मिशन की पेयजल टंकियों, शिक्षण संस्थानों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, नगरीय निकायों तथा विभिन्न परियोजना स्थलों पर भी ''आशीर्वाद का दीया'' जलाया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्षों की यात्रा, सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रयासों को स्मरण करते हुए उनके स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई। ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक दीपों की रोशनी ने जनपद को जगमगा दिया और नागरिकों की व्यापक सहभागिता ने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में आम जनमानस से लेकर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित