नैनीताल , अप्रैल 24 -- 'हिमालय पुत्र' के नाम से विख्यात महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर शनिवार को नैनीताल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा के जीवन, उनके संघर्ष, दूरदर्शी नेतृत्व और उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। वक्ता उनके आदर्शों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उपार्जन एवं विपणन जनजागरूकता गोष्ठी, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट वितरण और दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन चेक भी वितरित किए जाएंगे। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष मुकेश सिंह बोरा करेंगे जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नैनीताल विधायक सरिता आर्या तथा अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

इसके अलावा दर्जा राज्य मंत्री, भीमताल ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।संघ अध्यक्ष मुकेश सिंह बोरा ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित