मुंबई , अक्टूबर 17 -- सोनी सब के धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' में अर्जुन और दुर्योधन मां दुर्गा और महिषासुर के बीच हुए पौराणिक युद्ध को विशेष नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत करते नजर आएंगे।धारावाहिक में अर्जुन की भूमिका निभा रहे उर्वा सावलिया मां दुर्गा के रूप में, जबकि दुर्योधन की भूमिका निभा रहे आयुध भानुशाली महिषासुर के रूप में दिखाई देंगे। नृत्य, संगीत और प्रभावशाली भाव-भंगिमाओं से सजी यह प्रस्तुति बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश को दर्शाएगी।

इस विशेष प्रस्तुति के लिए उर्वा ने कई सप्ताह तक प्रतिदिन अभ्यास किया, ताकि वह नृत्य के विभिन्न चरणों और भाव-भंगिमाओं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकें। मां दुर्गा के रूप में तैयार होना उनके लिए एक नया और चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा।

उर्वा सावलिया ने कहा कि मां दुर्गा की भूमिका निभाने का अवसर मिलने पर वह बेहद उत्साहित थे। इस किरदार की तैयारी के लिए उन्होंने कई सप्ताह तक अभ्यास किया, ताकि अपने नृत्य और भाव-भंगिमाओं के जरिए भूमिका के साथ न्याय कर सकें। उन्होंने कहा कि यह अनुभव चुनौतीपूर्ण होने के साथ आनंददायक भी रहा और उन्हें अपने व्यक्तित्व के एक नए पक्ष को सामने लाने का मौका मिला।

'हस्तिनापुर के वीर' का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे सोनी सब पर होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित