पटना , अप्रैल 11 -- बिहार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने शनिवार को कहा कि 'हर घर नल का जल' योजना के माध्यम से राज्य में करोड़ों ग्रामीण परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है, जो बिहार सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है।

मंत्री श्री सिंह ने आज जलवायु-संवेदनशील भूजल प्रबंधन विषय पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। यह कार्यशाला राज्य में सुरक्षित एवं सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने कहा कि 'हर घर नल का जल' योजना के माध्यम से राज्य में करोड़ों ग्रामीण परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है, जो बिहार सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बदलते जलवायु परिदृश्य और अनियमित वर्षा के कारण भूजल पर बढ़ता दबाव भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है, इसलिए जल संरक्षण और भूजल प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।

मंत्री श्री सिंह ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पेयजल आपूर्ति योजनाओं के साथ-साथ भूजल संरक्षण, सतही जल आधारित योजना, अंतर विभागीय समन्वय तथा जनभागीदारी को भी समान रूप से बढ़ावा देना होगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित