सहारनपुर , अगस्त 10 -- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर सहारनपुर की ओर से 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के तहत 10 से 12 अगस्त तक महानगर के विभिन्न मंडलों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित होने वाली इन यात्राओं की योजना महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने तैयार की है। अभियान के लिए महानगर संयोजक अमित गर्ग तथा सहसंयोजक राजेश जौहरी, बबीता सैनी और विपिन शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। तिरंगा यात्राओं में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि बतौर अतिथि शामिल होंगे।
महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। हर नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
यात्रा में पूर्व सांसद राघव लखनपाल ने कहा कि तिरंगा देश के वीर सपूतों के त्याग, बलिदान और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने लोगों से 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ भारत को अधिक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित