बारां , मई 28 -- राजस्थान में 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत बारां जिला प्रशासन ने जिले में 251 'वृक्ष-कुंज' स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने गुुरुवार को बताया कि प्रत्येक वृक्ष-कुंज में करीब 200 फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर उनके संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वृक्ष कुंज में आम, जामुन, नीम, शीशम इत्यादि प्रजातियों के पौधे लगाये जाएंगे। वृक्ष कुंज सार्वजनिक स्थलों, खेल मैदान, तालाब किनारे, श्मशान घाट, सार्वजनिक उद्यान में स्थापित किये जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक, पंचायत समिति मुख्यालय पर तीन, नगर निकाय द्वारा न्यूनतम तीन-तीन एवं जिला मुख्यालय पर आठ वृक्ष-कुंज स्थापित किये जाएंगे।

श्री असावा ने बताया कि कार्यकारी एजेंसी, सहयोगकर्ता द्वारा वृक्ष कुंज के पौधों की सुरक्षा के लिए तारबंदी एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। वृक्ष कुंज के पौधों के गड्ढे तैयार करने एवं रख-रखाव के लिए मनरेगा योजना में स्वीकृत किया जाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित