मुंबई , अक्टूबर 27 -- अनमोल टीवी के धारावाहिक 'हमारी राधा' में गिरधर और शनाया की बढ़ती नजदीकियों से आहत राधा अब बदला लेने की राह पर चल पड़ी है।ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड के फ्री-टू-एयर हिंदी मनोरंजन चैनल अनमोल टीवी के इस ओरिजिनल शो में गिरधर की भूमिका निभा रहे अक्षय म्हात्रे और शनाया के किरदार में वैदेही नायर के बीच नजदीकियां बढ़ रही हैं। शनाया गिरधर के लिए रोमांटिक डेट की योजना बनाती है, जिसे गिरधर पसंद करता है और उसके साथ शाम बिताता है। यह देखकर राधा (सिमरन कौर) का दिल टूट जाता है। अपनी शादी बचाने की उम्मीद में भगवान से प्रार्थना कर रही राधा का दर्द अब गुस्से में बदलने लगा है।

अपनी सास के कहने पर राधा शनाया से बदला लेने की योजना बनाती है। दोनों के रिश्ते में परेशानी पैदा करने के लिए वह उनके घर की पानी की आपूर्ति बंद कर देती है, जिससे गिरधर के सामने मुश्किलें खड़ी हो जाती हैं। राधा लगातार दोनों के रिश्ते पर नजर रख रही है और उसकी हरकतों से कहानी में टकराव बढ़ने के आसार हैं।

क्या राधा की योजना गिरधर और शनाया के रिश्ते में दरार डाल पाएगी? अपनी शादी बचाने के लिए वह बदले की राह पर किस हद तक जाएगी, यह धारावाहिक के आगामी एपिसोड में देखने को मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित