पटना, अगस्त 19 -- बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलना चाहिए, जो निर्धारित पात्रता और सभी आवश्यक मापदंडों को पूरा करते हों।

श्री टाइगर ने ऐसे सभी शैक्षणिक संस्थानों की जांच के निर्देश दिए हैं, जो असत्य और भ्रामक जानकारी देकर एक से अधिक कॉलेजों का संचालन कर रहे हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान नवसृजित डिग्री कॉलेजों के लिए भूमि की उपलब्धता, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना तथा शैक्षणिक संस्थानों की मान्यता और संचालन से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।

मंत्री ने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसलिए पात्र विद्यार्थियों तक योजना का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाना है।

श्री टाइगर ने निर्देश दिए कि नवसृजित डिग्री कॉलेजों के लिए ऐसी भूमि चुनी जाए, जो प्रखंड मुख्यालय के आसपास और विद्यार्थियों के लिए सुगम और निकट हो। उन्होंने निर्देश दिए कि इन कॉलेजों के लिए चयनित शिक्षकों के प्रमाण पत्र की वैधता की जांच तय समय सीमा के भीतर हो जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित