पटना , अगस्त 13 -- िहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 7 निश्चय कार्यक्रम के तहत कुशल युवा कार्यक्रम तथा बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को अगले पांच वर्षों के लिए विस्तारित करने का निर्णय युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार नीतीश कुमार की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रही है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुशल युवा कार्यक्रम को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक विस्तारित किया जाएगा। इस योजना के माध्यम से युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(एआई), ड्रोन, सोलर, नेटवर्किंग, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग, टेली, विदेशी भाषा और उद्यमिता जैसे आधुनिक एवं रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवाओं को बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। इस योजना के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा प्रत्येक वर्ष 2.57 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

श्री कुशवाहा ने कहा कि 'बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना' के सुदृढ़ीकरण और वर्ष 2026.31 तक इसके विस्तार को भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत अब तक 4.15 लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 8865 करोड़ की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित