मुंबई , अक्टूबर 29 -- िरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट की वेब सीरीज 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' ने आईएमडीबी की पिछले 10 वर्षों की सबसे लोकप्रिय भारतीय स्ट्रीमिंग सीरीज की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है, वहीं, 'क्रिमिनल जस्टिस' ने चार बार इस सूची में जगह बनाई, जबकि 'ब्लैक वारंट' भी 2025 की सूची में शामिल रही।अक्टूबर 2020 में रिलीज हुई 'स्कैम 1992' ने 2020 से 2024 तक लगातार पांच वर्षों तक लोकप्रियता की सूची में अपनी जगह बनाए रखी। हंसल मेहता के निर्देशन में बनी इस सीरीज में प्रतीक गांधी ने हर्षद मेहता की भूमिका निभाई थी। शेयर बाजार की पृष्ठभूमि पर बनी इस कहानी को दर्शकों की व्यापक सराहना मिली।

'क्रिमिनल जस्टिस' ने 2019, 2021, 2022 और 2025 में आईएमडीबी की लोकप्रियता सूची में जगह बनाई। वहीं, 'ब्लैक वारंट' ने 2025 की सूची में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इन तीनों सीरीज की उपलब्धि को दोनों निर्माण कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अप्लॉज एंटरटेनमेंट के मुख्य कंटेंट अधिकारी दीपक सहगल ने कहा कि हंसल मेहता के निर्देशन में बनी 'स्कैम 1992' की सफलता उनकी रचनात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि इस सीरीज ने एक ऐसी फ्रेंचाइजी को जन्म दिया, जिसे देशभर के दर्शकों का प्यार मिला है। हंसल मेहता अब 'स्कैम 2010' के साथ इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने 'क्रिमिनल जस्टिस' और 'ब्लैक वारंट' को मिली सराहना पर भी खुशी जताई।

हंसल मेहता ने कहा कि 'स्कैम 1992' की सफलता केवल शुरुआती दर्शक संख्या या रैंकिंग तक सीमित नहीं है। यह सीरीज आज भी लोगों को सत्ता, पैसे, महत्वाकांक्षा और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि लगातार पांच वर्षों तक लोकप्रियता की सूची में जगह बनाए रखना दर्शकों के बीच इस कहानी के प्रति कायम लगाव को दर्शाता है।

हर्षद मेहता की भूमिका निभाने वाले अभिनेता प्रतीक गांधी ने कहा कि कुछ किरदार कलाकार की यात्रा का स्थायी हिस्सा बन जाते हैं और हर्षद मेहता उनके लिए ऐसा ही किरदार है। उन्होंने कहा कि 'स्कैम 1992' ने उनके लिए नए अवसरों के द्वार खोले और इस भूमिका के लिए उन पर भरोसा जताने वाले हंसल मेहता के वह आभारी हैं। उन्होंने वर्षों बाद भी दर्शकों से मिल रहे प्यार को खास अनुभव बताया।

'स्कैम' फ्रेंचाइजी अब 'स्कैम 2010' के जरिए भारत के आर्थिक इतिहास के एक और अध्याय को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने की तैयारी में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित