कपूरथला , मई 22 -- स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंजाब के कपूरथला जिले में 'सेफ स्कूल व्हीकल पॉलिसी' के तहत विभिन्न स्कूल वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान नियमों में खामियां पाये जाने पर पांच स्कूल बसों के चालान काटे गये।

बाल सुरक्षा अधिकारी रमनप्रीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि बताया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल वाहनों की नियमित जांच बेहद जरूरी है। जांच टीम ने कुल 16 स्कूल बसों की गहन जांच की। इस दौरान बसों के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस सर्टिफिकेट, ड्राइवरों के लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र और सुरक्षा उपकरणों की पड़ताल की गयी। साथ ही बसों में फर्स्ट एड किट, अग्निशमन यंत्र और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक प्रबंधोंकी भी जांच की गयी।

जांच के दौरान पांच स्कूल बसों में फर्स्ट एड किट, लेडी अटेंडेंट और फिटनेस सर्टिफिकेट जैसी जरूरी सुविधाओं की कमी पायी गयी। इसके कारण मौके पर ही संबंधित बसों के चालान काटे गये और बस चालकों को तुरंत कमियां दूर करने के निर्देश दिये गये। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को भी सख्त हिदायत दी कि वे अपने स्कूल वाहनों में सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी, ताकि स्कूल वाहनों में सफर करने वाले बच्चों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित