धार , अगस्त 05 -- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर धार जिले में आयोजित 'सृजन संवाद' कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को कानून, अधिकारों और सुरक्षा संबंधी विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को थाना नौगांव का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, उत्तरदायी नागरिकता, सुरक्षा बोध तथा पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना था।

कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, बाल अधिकार, किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा मादक पदार्थों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने संवादात्मक शैली में विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए तथा व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से डायल-112, पुलिस सहायता और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी प्रदान की।

इसके बाद विद्यार्थियों को थाना नौगांव का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें थाने की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, नागरिक सेवाओं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों से प्राप्त फीडबैक में उन्होंने इसे उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। उनका कहना था कि इस आयोजन से उन्हें अपने अधिकारों, साइबर सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पेंद्र सस्तिया, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) आनंद तिवारी, रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई, उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य अमिता वाजपेयी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित