रांची , नवंबर 01 -- झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो रामगढ़ के पटेल चौक स्थित पटेल भवन में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
वहीं, इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो एवं मांडू के विधायक श्री निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो उपस्थित रहे।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए असहाय एवं वृद्धजनों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का संबोधन करते हुए श्री महतो ने कहा, "सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का प्रेरणास्रोत है। देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में उनका ऐतिहासिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। हमें इस विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए एकजुटता का परिचय देना है ताकि आने वाले समय में हम सब मिलकर झारखंड और देश का स्वर्णिम भविष्य गढ़ सके।"इस दौरान श्री चौधरी ने कार्यक्रम का संबोधन करते हुए कहा, "सरदार पटेल के एकता और संकल्प के विचारों से प्रेरणा लेकर हम सभी को धर्म, संस्कृति और भाषा की विविधताओं से ऊपर उठकर एकता के संकल्प को और मजबूत करना चाहिए।"इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय सचिव धनेश्वर महतो सहित पार्टी के कई सम्मानित पदाधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित