लखनऊ , मार्च 18 -- विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने केंद्र सरकार से "सनातन आयोग" के गठन की मांग करते हुए कहा है कि यह समय की मांग है कि सनातन संस्कृति, परंपराओं एवं धार्मिक स्थलों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
यहां बुधवार को नव वर्ष की पूर्व संध्या पर विश्व हिंदू रक्षा परिषद द्वारा पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा परिषद कार्यालय से प्रारंभ होकर शिव भोला मंदिर तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
मंदिर प्रांगण में पहुंचकर वैदिक विधि-विधान के साथ हवन एवं महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें विश्व शांति, राष्ट्र समृद्धि एवं मानव कल्याण की कामना की गई।कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और सनातन मूल्यों से जुड़ने का आह्वान किया तथा समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। पदयात्रा के दौरान भक्ति गीत, जयघोष और सांस्कृतिक झांकियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
श्री राय ने लखनऊ के इमामबाड़े में हिजाब से जुड़े मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी को योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित