देहरादून , अप्रैल 17 -- त्तराखण्ड पुलिस के विशेष अभियान "ऑपरेशन प्रहार" के अंतर्गत पौड़ी पुलिस ने संदिग्ध लोगों के सत्यापन के दौरान एक बंगलादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह विदेशी व्यक्ति सत्य साधु बनकर देवभूमि में लोगों को धोखा देने का काम कर रहा था।
पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शुक्रवार को बताया कि 16 अप्रैल को कोतवाली तथा अभिसूचना इकाई लक्ष्मण झूला द्वारा संयुक्त रूप से राम झूला क्षेत्र में सघन सत्यापन एवं तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में व्यक्ति द्वारा दी गई जानकारी विरोधाभासी एवं संदेहास्पद प्रतीत होने पर उससे गहनता से पूछताछ की गई। उक्त व्यक्ति ने अपना वास्तविक नाम सनीउर रहमान उर्फ सत्य साधू (39) बताया। वह बंगलादेश में फरीदपुर के बैसड़ी मधुखाली का मूल निवासी है। जांच में खुलासा हुआ कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में अवैध रूप से रह रहा था। अपनी वास्तविक पहचान छुपाने के लिए उसने "सत्यनिष्ठ आर्य" नाम से भारतीय आधार कार्ड भी बनवा रखा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित