धार , जून 07 -- स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा धार में "संडे ऑन साइकिल" कार्यक्रम एवं फिटनेस रैली का आयोजन किया गया। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान में बच्चों, युवाओं और पुलिस बल के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जैतपुरा स्थित साई सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं सांसद सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर फिटनेस रैली को रवाना किया तथा स्वयं भी साइकिल चलाकर लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सावित्री ठाकुर ने कहा कि साइकिल चलाना न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में साइकिल के अधिक उपयोग की अपील की।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से मोटापा सहित कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। साथ ही इससे ईंधन की बचत होती है और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलती है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित