सोनपुर (सारण) , अक्टूबर 25 -- केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया है और चर्चित लेखक मिथिलेश कुमार सिंह की पुस्तक 'शूद्रों का सच' इस आह्वान को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
श्री चौधरी ने कहा कि इतिहास पर विमर्श ऐसा होना चाहिए, जो समाज में संवाद, सम्मान और समरसता को मजबूत करे।
श्री सिंह की इस पुस्तक पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले विमर्श की शुरुआत रविवार को सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर सभागार में हुई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने पुस्तक को भारतीय सामाजिक इतिहास के पुनर्परीक्षण, प्रचलित धारणाओं की समीक्षा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बौद्धिक प्रयास बताया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि मिथिलेश कुमार सिंह ने अपनी शोधपरक पुस्तक के माध्यम से इतिहास की उन परतों की पड़ताल करने का साहसिक प्रयास किया है, जिन्हें उनके अनुसार दबाया गया या विकृत रूप में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने इसे भारतीय समाज के इतिहास को नए दृष्टिकोण से समझने का माध्यम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित