टिहरी , मई 20 -- उत्तराखंड में टिहरी गढवाल में मां गंगा के पावन तट की मर्यादा भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया, जबकि छह लोगों के खिलाफ चालन की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई शिवपुरी बीच क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने की शिकायत मिलने के बाद की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को एक पर्यटक ने सूचना दी कि कुछ युवक गंगा तट पर थार वाहन के ऊपर बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली मुनि की रेती पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ लोग गंगा किनारे खुलेआम शराब पी रहे थे, जिससे धार्मिक वातावरण और सार्वजनिक शांति प्रभावित हो रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद थार और ब्रीजा वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मां गंगा की पवित्रता एवं धार्मिक आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों और पर्यटकों से अपील की गई है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखें और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित