अजमेर , अक्टूबर 26 -- दिल्ली में रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में राजस्थान में अजमेर कांग्रेस के दो हजार कार्यकर्ता शिरकत करेंगे।

अजमेर में उत्तर विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस ने अपनी तैयारी और सक्रियता तेज कर दी है। इसी को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महारैली को सफल बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

श्री राठौड़ ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा नेता विपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'वोट बचाओ और देश बचाओ' के उद्देश्य से महारैली आयोजित की जाएगी। लोकसभा नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं इस रैली में शामिल होने के लिए विशेष आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि जयपुर में एआईएससी संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने अजमेर से दो हजार कार्यकर्ताओं को दिल्लीले जाने की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने आश्वस्त किया है।

अजमेर से दो हजार कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की तैयारियां तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि इस रैली में अजमेर, राजस्थान सहित देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। राजस्थान से एक लाख कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे। बैठक के दौरान नगर निगम के निर्वाचित पार्षदों का भी स्वागत किया गया।

बैठक के दौरान अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों, पार्षदों एवं अन्य पदाधिकारियों को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही महारैली में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और आपसी समन्वय के साथ तैयारियां करने पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित