चंडीगढ़ , सितंबर 29 -- पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुवम शर्मा शुभी ने मंगलवार को 'वोट चोरी' के आरोपों और मतदाता सूचियों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
पंजाब कांग्रेस भवन में संवाददाता सम्मेलन में श्री शुभी ने कहा कि मतदाता के अधिकार से जुड़ी किसी भी शिकायत या कथित अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने से जुड़े सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में जनता का विश्वास बनाए रखना लोकतंत्र के लिए जरूरी है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई किये जाने मांंग की।
उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो पंजाब यूथ कांग्रेस सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास से जुड़े मुद्दों को उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में विपक्षी दलों ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता की मांग की है।
इस मौके पर यूथ कांग्रेस प्रभारी मुकेश कुमार, भरत शंकर जोशी, महासचिव बिन्नी मान, होशियारपुर जिला अध्यक्ष रोहनीश ओहरी और हन्नी जोशी समेत अन्य नेता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित