पटना , जून 19 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मानवीय संवेदना, साहस और अधिकारों के प्रतीक 'विश्व शरणार्थी दिवस' पर कहा कि वह उन लाखों लोगों के अदम्य साहस और संघर्ष को नमन करते हैं, जिन्हें हिंसा, उत्पीड़न और संघर्ष के कारण अपना देश और घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।

डॉ. कुमार ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की ओर से समर्पित यह विशेष दिन शरणार्थियों के प्रति सहानुभूति रखने और उनके अधिकारों की रक्षा और वैश्विक समाज का सामूहिक दायित्व निभाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ने हमेशा 'वसुधैव कुटुंबकम' के सिद्धांत को जिया है और संकट के समय जरुरतमंदों को आश्रय दिया है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह दिवस हमें ऐसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और न्यायपूर्ण विश्व के निर्माण के संकल्प की याद दिलाता हैं, जहाँ किसी भी निर्दोष को अपना घर नहीं खोना पड़े और हर मनुष्य को सम्मान व सुरक्षा के साथ जीने का अधिकार मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित