चंडीगढ़ , अप्रैल 04 -- पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने शनिवार को कहा कि राज्य आगामी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) के लिए पूरी तरह तैयार है तथा निर्वाचन आयोग की आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा से पहले सभी प्रारंभिक गतिविधियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।
श्रीमती मित्रा ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में एक व्यापक प्री-एसआईआर मैपिंग अभ्यास किया गया है। आज सुबह आठ बजे तक पंजाब के 74.27 प्रतिशत मतदाताओं को पिछले गहन पुनरीक्षण रिकॉर्ड के साथ मैप किया जा चुका है। राज्य के कुल 2,14,57,521 मतदाताओं में से 1,59,36,941 की मैपिंग पूरी हो चुकी है।
उन्होंने जोर दिया कि मतदाता 2003 की मतदाता सूची का संदर्भ लेकर अपना विवरण सक्रिय रूप से खोजें और मैप करें। यह सूची निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध है। यदि किसी नागरिक को अपना नाम नहीं मिलता है, तो वे अपने परिवार के सदस्यों (माता-पिता या दादा-दादी) के विवरण के माध्यम से अपना लिंक स्थापित कर सकते हैं। एसआईआर अभ्यास के दौरान बीएलओ राज्य भर में घर-घर जाकर गणना करेंगे। वर्ष 2025 की मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। राजनीतिक दलों द्वारा अब तक राज्य भर में 8,000 से अधिक बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित