श्रीनगर , जुलाई 29 -- जम्मू कश्मीर की अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर ने पांच अगस्त 2019 को जो अधिकार खोए हैं, उन्हें विरोध प्रदर्शनों या टकराव के जरिए वापस नहीं पाया जा सकता। इन्हें केवल बातचीत, परामर्श और एक स्पष्ट रोडमैप के माध्यम से ही बहाल किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि अपनी पार्टी राज्य का दर्जा, अनुच्छेद 370 और 35ए की बहाली, कैदियों की रिहाई, रोजगार के अवसरों के सृजन और अन्य जनहित के मुद्दों को उठाने वाले किसी भी दल का समर्थन करेगी।
श्री बुखारी ने श्रीनगर में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, "पांच अगस्त जम्मू-कश्मीर के लिए एक काला दिन है और जब तक हमारे अधिकार बहाल नहीं हो जाते, यह काला दिन ही रहेगा। हालांकि, इन अधिकारों की बहाली के लिए विरोध की जगह बातचीत, परामर्श और एक स्पष्ट रूपरेखा का रास्ता अपनाया जाना चाहिए।"उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार को जम्मू-कश्मीर के लोगों की जायज मांगों और शिकायतों का समाधान करने तथा जनता के बीच बने विश्वास के अंतर को दूर करने के लिए उनसे संवाद स्थापित करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त किए जाने के आठ महीने बाद, मार्च 2020 में पूर्व विधायकों और पूर्व मंत्रियों द्वारा अपनी पार्टी का गठन किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित