श्रीनगर , अप्रैल 11 -- केंद्र शासित लद्दाख प्रदेश प्रशासन महावीर चक्र विजेता और 'लद्दाख के शेर' के नाम से मशहूर कर्नल सोनम वांगचुक (सेवानिवृत्त) के सम्मान में लेह में एक स्मारक स्थापित करेगा।

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि परिवार, सेना और स्थानीय प्रतिनिधियों के परामर्श से लेह में स्मारक का निर्माण किया जाएगा।इस स्मारक का उद्देश्य उनके साहस, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की विरासत को अमर करना है।

श्री सक्सेना ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, "यह स्मारक लद्दाखी शौर्य और गौरव का एक चिरस्थायी प्रतीक बना रहेगा। उनकी वीरता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।"कारगिल युद्ध के सम्मानित वयोवृद्ध कर्नल वांगचुक का शुक्रवार को लेह स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और सीने में दर्द की शिकायत कर रहे थे।

वर्ष 1987 में असम रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त करने के बाद, उन्हें लद्दाख स्काउट्स (जिन्हें लोकप्रिय रूप से 'स्नो वॉरियर्स' के नाम से जाना जाता है) में तैनात किया गया, जिन्होंने 1999 के संघर्ष के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रेजिमेंट ने अपने असाधारण प्रदर्शन के लिए व्यापक मान्यता प्राप्त की, जिसमें तत्कालीन सेना प्रमुख वेद मलिक द्वारा दिया गया यूनिट प्रशस्ति पत्र भी शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित