यमुनानगर , अगस्त 31 -- विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल, यमुनानगर में हरियाणा ट्रैफिक विभाग के तत्वावधान में 'रोड सेफ्टी एग्जामिनेशन' का आयोजन किया गया।

परीक्षा को तीन स्तरों में आयोजित किया गया। लेवल-1 में कक्षा तीन से पांच, लेवल-दो में कक्षा छहसे आठ तथा लेवल-तीन में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के दौरान यातायात नियमों, सड़क संकेतों, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व और जिम्मेदार सड़क व्यवहार से संबंधित प्रश्न पूछे गये।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल तथा नोडल अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप निरीक्षक नरेश एवं उप निरीक्षक संदीप अपनी टीम के साथ विद्यालय में उपस्थित रहे और परीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा परिवार और समाज को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ बिंदु शर्मा ने कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। ऐसी परीक्षाएं उन्हें जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

विद्यालय के अध्यक्ष जी एस शर्मा ने कहा कि रोड सेफ्टी एग्जामिनेशन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सुरक्षित व्यवहार की भावना विकसित करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि जीवन के लिए आवश्यक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने हरियाणा ट्रैफिक विभाग का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित