नैनीताल , सितंबर 08 -- केन्द्र सरकार की राष्ट्रव्यापी पहल 'रिफॉर्म उत्सव' के अंतर्गत जिला में प्रशासनिक सुधारों को गति देने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को बताया कि 'रिफॉर्म उत्सव' का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अन्य हितधारकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर सरकारी प्रक्रियाओं व सेवाओं में सुधार लाना, विभागीय कार्यप्रणाली को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना तथा कार्यक्रम में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत शिकायतों का निस्तारण करना नहीं बल्कि ऐसे सुधारात्मक सुझाव प्राप्त करना है जिनसे बड़ी संख्या में नागरिकों को लाभ मिले और जिन्हें अन्य क्षेत्रों में भी मॉडल के रूप में लागू किया जा सके।
अभियान के लिए तय समय-सारिणी के अनुसार 11 सितंबर से प्रचार-प्रसार व जागरूकता कार्य शुरू होगा। दो से 31 अक्टूबर तक जन मंथन चरण के दौरान ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों के जरिए नागरिकों से सुझाव लिए जाएंगे। 10 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विचार-विमर्श चरण में विभागों द्वारा प्राप्त सुझावों की समीक्षा कर उन्हें तात्कालिक व मध्यम अवधि के सुधारों में वर्गीकृत किया जाएगा। इसके बाद 10 अक्टूबर से 20 दिसंबर तक जन समाधान चरण में चयनित सुधारों को लागू करने और प्रगति की निगरानी पर ध्यान दिया जाएगा, जबकि 25 से 27 दिसंबर तक 'संकल्प सिद्धि' समापन समारोह में सफल सुधारों व उनके परिणामों को प्रदर्शित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों, पंचायतीराज संस्थाओं, नगरीय निकायों, शिक्षण संस्थानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, व्यापारिक संगठनों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विभागीय योजनाओं में प्रक्रियागत जटिलताओं व सुधार संबंधी सुझाव जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, नैनीताल की ई-मेल आईडी पर भेजे जा सकते हैं। साथ ही सभी विभागों को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक नागरिकों को सुझाव देने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित