चेन्नई , अक्टूबर 03 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 1,417.86 करोड़ रुपये के 'यूनिक एक्सपोर्ट्स' निवेश धोखाधड़ी मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि ईडी के चेन्नई क्षेत्रीय कार्यालय-2 ने 'यूनिक एक्सपोर्ट्स' और उससे जुड़ी कंपनियों से जुड़े निवेश धोखाधड़ी और धन शोधन की जांच के सिलसिले में 'मास्टरमाइंड' एस. नवीन कुमार और एस. मुथुसेल्वन को 'धन शोधन निवारण अधिनियम , 2002' (पीएमएलए) की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां 16 और 17 जून को पीएमएलए की धारा 17 के तहत नवीन कुमार और उनके सहयोगियों से जुड़ी नौ जगहों पर ईडी की छापेमारी के बाद की गयी। दोनों आरोपियों को पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

ईडी ने तमिलनाडु पुलिस की इरोड ज़िला अपराध शाखा विंग द्वारा भादस और 'तमिलनाडु जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा (वित्तीय संस्थानों में) अधिनियम, (टीएनपीआईडी) अधिनियम ' की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की थी।

ईडी की जांच से पता चला है कि नवीन कुमार, मुथुसेल्वन और उनके सहयोगियों ने 'यूनिक एक्सपोर्ट्स', 'ईस्ट वैली एग्रो फर्म्स' और अन्य संबंधित कंपनियों के बैनर तले यूएनआई , एफएनपी, एफएपी और यूएनआर जैसी निवेश योजनायें बनायी और चलायी। मासूम निवेशकों को कृषि उत्पादों के निर्यात से ज़्यादा मुनाफे का वादा करके निवेश करने के लिए उकसाया गया था। जांच में यह भी पता चला कि 'यूनिक एक्सपोर्ट्स' और उससे जुड़ी कंपनियों ने कोई खास निर्यात नहीं किया, लेकिन निर्यात से होने वाले मुनाफ़े पर ज़्यादा मुनाफे का वादा करके निवेशकों से पैसे इकट्ठा करती रहीं।

ईडी ने बताया कि लगभग 35,759 निवेशकों से 1,417.86 करोड़ रुपये जुटाये गये, जिसमें से 719 करोड़ रुपये 'यूनिक एक्सपोर्ट्स' से जुड़ी कंपनियों के अलग-अलग बैंक खातों में जमा किये गये। निवेशकों का पैसा मैसर्स यूनिक एक्सपोर्ट्स, उससे जुड़ी कंपनियों, परिवार के सदस्यों और करीबी सहयोगियों के नाम पर खुले 100 से ज़्यादा बैंक खातों के ज़रिए घुमाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित