मुंबई , अक्टूबर 23 -- अभिनेत्री सहज राजपूत का कहना है कि सोनी सब के धारावाहिक 'यादें' की कहानी जिंदगी और रिश्तों से जुड़ी है, जिससे दर्शक खुद को जोड़कर देख सकेंगे। शो में सहज जिया की भूमिका निभा रही हैं, जो पारिवारिक चुनौतियों के बीच अपने माता-पिता को करीब लाने और अपने बचपन की खुशियों को फिर से तलाशने की कोशिश करती है।

इकबाल खान और गुलकी जोशी अभिनीत इस धारावाहिक की कहानी में डॉ. देव अपने परिवार के साथ किल्लारी गांव में आकर बसते हैं, जहां जिया की जिंदगी में नए बदलाव आते हैं। मल्हार से मुलाकात के बाद जिया अपने व्यक्तित्व के चंचल और बेफिक्र पहलू को फिर से पहचानने लगती है। शो में पारिवारिक रिश्तों, हास्य, भावनाओं और चिकित्सा से जुड़े रहस्यों को भी शामिल किया गया है।

सहज राजपूत ने कहा कि जिया ने कम उम्र में कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया है, लेकिन इसके बावजूद वह सकारात्मक और संवेदनशील बनी रहती है। उसका सबसे बड़ा सपना अपने माता-पिता को फिर से करीब लाना है। उन्होंने कहा कि जिया का किरदार निभाने के दौरान वह अपने अभिनय में अधिक सहजता, ठहराव और संयम लाने की कोशिश कर रही हैं।

सहज राजपूत ने बताया कि इकबाल खान और गुलकी जोशी के साथ काम करना उनके लिए सीखने का अच्छा अवसर है। दोनों कलाकारों की विनम्रता और अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को सहज बनाए रखने की क्षमता ने उन्हें प्रभावित किया है।

सहज ने कहा कि गांव में आउटडोर शूटिंग का अनुभव उनके लिए नया और दिलचस्प रहा है। प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने से उन्हें एक कलाकार के रूप में अधिक लचीला बनने और भारतीय ग्रामीण जीवन एवं संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिला है।उन्होंने कहा कि आगामी एपिसोड में जिया और मल्हार के बीच कई मजेदार पल देखने को मिलेंगे। दोनों की अलग-अलग पृष्ठभूमि और सोच के कारण उनके रिश्ते में आने वाले बदलाव कहानी को दिलचस्प बनाएंगे।

'यादें' का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात आठ बजे होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित