नयी दिल्ली , अगस्त 17 -- भारतीय सेना की टुकड़ी भारत-थाईलैंड संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मैत्री' में भाग लेने के लिए सोमवार को थाईलैंड रवाना हो गयी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह इस अभ्यास का 15 वां संस्करण है जो 18 से 31 अगस्त तक थाईलैंड के सूरत थानी स्थित विभावादी रंगसिट कैंप में होगा। पिछले वर्ष यह अभ्यास मेघालय के उमरोई में हुआ था।
अभ्यास में हिस्सा लेने वाली सेना और थाई शाही सेना की टुकड़ियों में 85-85 जवान शामिल हैं। भारतीय सेना की टुकड़ी में मुख्य रूप से 9 गोरखा राइफल्स के सैनिक हैं जबकि थाई सेना की टुकड़ी में 5वीं डिवीजन की 25वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड की तीसरी बटालियन के जवान शामिल हैं। इस अभ्यास में कंपनी स्तर का संयुक्त प्रशिक्षण होगा जो जंगल और अर्ध-शहरी इलाकों में संचालन पर केंद्रित होगा।
मैत्री अभ्यास का उद्देश्य भारत और थाईलैंड के बीच सैन्य सहयोग को प्रोत्साहन देना है। यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय सात के अन्तर्गत जंगल और शहरी वातावरण में उग्रवाद और आतंकवाद से निपटने के लिए संयुक्त अभियानों को अंजाम देने में दोनों देशों की क्षमताओं को बढ़ाएगा। इस प्रशिक्षण में क्षेत्र अभ्यास, युद्ध से संबंधित चर्चाएं, व्याख्यान, प्रदर्शन और समापन अभ्यास भी होंगे। टुकड़ियां संचालन अनुभव का आदान-प्रदान भी करेंगी और संयुक्त अभियानों के दौरान उपयोग किए जाने वाले आधुनिक उपकरणों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित