मुंबई , जुलाई 22 -- अवॉर्ड विनिंग फिल्म 'मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी' का तीसरा गीत 'सुहाना' रिलीज़ कर दिया गया है। यह गीत प्यार, जवानी और साथ निभाने के एहसास को सादगी और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है।
गीत के बोल पद्मकुमार ने लिखे हैं, जबकि शैल ओसवाल ने इसे अपनी आवाज़ दी है। आनंद रंगनाथन और नितिन दुबे द्वारा तैयार किया गया इसका संगीत फिल्म की भावनात्मक दुनिया को और गहराई देता है। इससे पहले फिल्म का ट्रेलर और दो गीत 'अरिवा' तथा 'दिल संभलता नहीं' रिलीज़ हो चुके हैं।
मेधा शंकर, सिद्धार्थ मेनन, आदिल हुसैन, मंदीरा बेदी, नासर, नफीसा अली और विधात्री बांदी अभिनीत यह फिल्म खोने के दर्द के बाद उम्मीद, आत्मविश्वास और नई शुरुआत की कहानी को दर्शाती है।
फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इसके अलावा इसे पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के 'बेस्ट ऑफ फेस्ट' चयन में शामिल किया गया। फिल्म को सोनोमा, सैन फ्रांसिस्को और ओसाका में ऑडियंस ऑनर्स सम्मान मिला, जबकि स्टुटगार्ट, सिनसिनाटी, बर्लिन इंडो-जर्मन फिल्म वीक और कनाडा के आरआईएफएफए में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार प्राप्त हुआ।
अभिनेत्री एवं निर्माता समीक्षा ओसवाल द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का लेखन और निर्देशन पद्मकुमार नरसिम्हमूर्ति ने किया है। एसएसओ प्रोडक्शंस के बैनर तले शैल ओसवाल और समीक्षा ओसवाल द्वारा निर्मित यह फिल्म 24 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित