मुंबई , जुलाई 10 -- अभिनेत्री एवं निर्माता समीक्षा ओसवाल प्रस्तुत फिल्म 'मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। पद्मकुमार नरसिम्हमूर्ति द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म आधुनिक जीवन में रिश्तों के बदलते स्वरूप और खोने के दर्द के साथ आगे बढ़ने की भावनात्मक यात्रा को पर्दे पर प्रस्तुत करती है। फिल्म की कहानी मैक्स और मिन नामक युवा दंपती के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके रिश्ते में दरार आने के बाद मैक्स अपनी यादों और अकेलेपन से जूझता है। इस दौरान उसे 'म्याऊज़ाकी' नाम की बिल्ली का साथ मिलता है, जो उसके जीवन में उम्मीद और सुकून का माध्यम बनती है।
फिल्म में मेधा शंकर, सिद्धार्थ मेनन, आदिल हुसैन, मंदिरा बेदी, नासर, नफीसा अली और विधात्री बांदी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत शेल ओसवाल ने दिया है।
'मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी' का प्रीमियर बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इसके अलावा फिल्म को पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के 'बेस्ट ऑफ फेस्ट' चयन में शामिल किया गया। इसे सोनोमा सैन फ्रांसिस्को और ओसाका में भी सराहना मिली, जबकि स्टटगार्ट, सिनसिनाटी, बर्लिन इंडो-जर्मन फिल्म वीक और कनाडा के आरआईएफएफए फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार प्राप्त हुआ।
एसएसओ प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण समीक्षा ओसवाल और उद्योगपति-गायक शेल ओसवाल ने किया है। 'मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी' 24 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित