पौड़ी , जुलाई 25 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण' अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए 'मेरी योजना' पुस्तकों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया है।
शनिवार को प्राप्त जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 'मेरी योजना' पुस्तकों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा विभिन्न माध्यमों से योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी केवल जानकारी के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं की सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाकर उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना है। 'मेरी योजना' पुस्तकों में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल एवं सहज भाषा में संकलित किया गया है। इससे आमजन को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सकेगी और वे समय रहते योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
योजनाओं के प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाने के लिए आकाशवाणी देहरादून द्वारा 19 अगस्त तक प्रतिदिन चार निर्धारित समय पर 'मेरी योजना' पुस्तकों पर आधारित ऑडियो क्लिप का प्रसारण किया जा रहा है। इन प्रसारणों के माध्यम से प्रदेशभर के श्रोताओं तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में पहुंचाई जा रही है, जिससे अधिकाधिक लोग योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ प्राप्त कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित