शिवहर , अक्टूबर 6 -- बिहार के शिवहर जिले का 32वां स्थापना दिवस समारोह मंगलवार को 'मेरा शिवहर, मेरा गौरव' के संकल्प के साथ हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।

जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

समाहरणालय परिसर स्थित मुख्य समारोह स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी और पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह के पहुंचने पर अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।

दीप प्रज्ज्वलन के बाद राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का सस्वर गायन हुआ, जिससे समारोह स्थल देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। इसके उपरांत स्वागत गान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।

जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारियों ने जिले की प्रगति और उत्साह के प्रतीक के रूप में समारोह स्थल पर रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाए गए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया।

समारोह के दौरान शिवहर जिले में संभावित, प्रस्तावित एवं विकास योग्य स्थलों तथा विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने इन स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं एवं परियोजनाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित