पटना , जुलाई 24 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को खेल विभाग की ओर से आयोजित बिहार के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत नियुक्ति पत्र एवं खेल छात्रवृत्ति के लिये चयन पत्र वित्रण समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना' के तहत अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों आकाश दीप एवं मुकेश कुमार सहित कुल 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में खिलाड़ियों के लिए सुनहरे भविष्य का एक नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान और प्रोत्साहन हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा।

श्री चौधरी ने कहा कि यह बिहार के लिए गौरव का विषय है कि पहली बार किसी खिलाड़ी को डीएसपी जैसे उच्च पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा तथा वे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए और अधिक प्रेरित होंगे। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित