मेक्सिको सिटी , मार्च 31 -- मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने अमेरिका के दशकों पुराने आर्थिक प्रतिबंधों और दबाव को दरकिनार करते हुए एक साहसिक घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मेक्सिको क्यूबा को ईंधन भेजने के अपने संप्रभु अधिकार का पूरी तरह से उपयोग करेगा, चाहे वह मानवीय आधार पर हो या व्यावसायिक समझौतों के तहत।

नेशनल पैलेस में आयोजित अपनी नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रपति शिनबाम ने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा कि मेक्सिको को किसी से "इजाजत" मांगने की जरूरत नहीं है।

सुश्री शिनबाम ने जोर देकर कहा कि मेक्सिको और क्यूबा के संबंध ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा, "एक देश दूसरे देश के मामलों में हस्तक्षेप नहीं कर सकता। मेक्सिको एक संप्रभु राष्ट्र है और हम अपनी व्यापारिक नीतियां खुद तय करते हैं।" राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि सहायता के दो रूप हैं-एक 'मानवीय सहायता' और दूसरा 'व्यावसायिक समझौता'। उन्होंने कहा कि क्यूबा के साथ तेल का व्यापार दशकों से चला आ रहा है और यह कोई नई बात नहीं है।

गौरतलब है कि उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब वाशिंगटन लगातार उन देशों पर प्रतिबंधों और टैरिफ की धमकी देता रहा है जो क्यूबा के साथ व्यापार करते हैं।

सुश्री शिनबाम ने संकेत दिया है कि अब वह दौर खत्म हो चुका है जब कोई एक 'साम्राज्य' यह तय करता था कि किसे ईंधन मिलेगा और किसे भूखा रखा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित