मुंबई , अक्टूबर 30 -- अभिनेता मोहित मलिक ने फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' के डिजिटल रिलीज के मौके पर बिरजू लोहार का किरदार निभाने के अनुभव साझा किए। मोहित मलिक ने कहा कि बिरजू न पूरी तरह अच्छा है और न ही पूरी तरह बुरा। उसकी खूबियां, कमियां और अप्रत्याशित फैसले ही उसे एक दिलचस्प किरदार बनाते हैं।

'मिर्जापुर द मूवी' शानदार सिनेमाघर रिलीज के बाद अब प्राइम वीडियो इंडिया पर दस्तक दे रही है। इस मौके पर मोहित ने बताया कि बिरजू का किरदार निभाने की सबसे बड़ी चुनौती उसकी सोच, परिस्थितियों और फैसलों के पीछे छिपी वजहों को समझना था। उन्होंने किरदार के कामों को सही या गलत ठहराने के बजाय उसके भीतर के इंसान को समझने की कोशिश की।

मोहित का मानना है कि किसी जटिल किरदार को पर्दे पर जीवंत करने के लिए अभिनेता को अपनी निजी सोच से अलग हटकर उसके नजरिये को समझना पड़ता है। दर्शकों को यह तय करने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए कि किरदार सही है या गलत।

बिरजू लोहार के किरदार के बारे में मोहित मलिक ने कहा, "बिरजू में कई कमियां हैं और वह ऐसे फैसले लेता है, जो हमेशा सही नहीं होते। एक अभिनेता के तौर पर हम किसी किरदार को अच्छा या बुरा मानकर नहीं निभा सकते। हमें उसकी सोच, हालात और उन वजहों को समझना होता है, जिनके कारण वह ऐसे फैसले लेता है। सबसे बड़ी चुनौती बिना किसी पूर्वाग्रह के किरदार को पूरी ईमानदारी से पर्दे पर उतारना है। दर्शक ऐसे किरदारों से जुड़ते हैं, जो वास्तविक जिंदगी के लोगों की तरह होते हैं और जिनमें खूबियों के साथ कमियां और उलझनें भी होती हैं।"उन्होंने कहा कि बिरजू के मामले में उनका उद्देश्य उसके कामों के पीछे छिपे इंसान को समझना और उसी सच्चाई को पर्दे पर प्रस्तुत करना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित