मुंबई , जून 27 -- अभिनेत्री सोनल चौहान बहुप्रतीक्षित फिल्म मिर्जापुर: द मूवी का हिस्सा बन गई हैं। फिल्म का टीज़र रिलीज होने के साथ ही उनके नए और रहस्यमयी लुक ने दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।टीज़र में 'मिर्जापुर' की चर्चित दुनिया एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार एक्शन, गैंगवार और ड्रामा के साथ लौटती नजर आ रही है। इस बीच सोनल चौहान की एंट्री ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। वह रंग-बिरंगे घाघरा-चोली, पारंपरिक आभूषण और ग्लैमरस अंदाज में एक जोशीले गीत पर नजर आती हैं। उनका यह नया रूप उनके किरदार को लेकर रहस्य बनाए रखता है और संकेत देता है कि वह कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित इस फिल्म के निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर हैं। फिल्म को अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फ़ज़ल, दिव्येंदु, अभिषेक बनर्जी, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, रवि किशन, जितेंद्र कुमार, कुलभूषण खरबंदा और रसिका दुगल सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के सह-निर्माता कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं।
'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर, 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित