श्री मुक्तसर साहिब , जून 23 -- पंजाब सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 'ब्राइट माइंड्स पंजाब 2026' कार्यक्रम के तहत श्री मुक्तसर साहिब में बारहवीं कक्षा की परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 1050 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

श्री बैंस ने कहा कि शिक्षा समाज की अधिकांश समस्याओं का समाधान है और अभिभावकों को अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि वे भविष्य में सफल पेशेवर बनकर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री बैंस ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पंजाब रेगुलेशन ऑफ फीस ऑफ अनएडेड एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस एक्ट में संशोधन के लिए अध्यादेश को मंजूरी दे दी है। इसके तहत निजी स्कूलों द्वारा फीस और अन्य फंडों में वार्षिक वृद्धि को अधिकतम पांच प्रतिशत तक सीमित किया जाएगा। यह अध्यादेश मंजूरी के लिए पंजाब के राज्यपाल को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान जिन स्कूलों ने अनुचित रूप से फीस बढ़ाई है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और अभिभावकों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराई जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। अब पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षा उत्तर पुस्तिकाएं ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं तक आसान पहुंच मिलेगी और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा विश्वास बढ़ेगा।

श्री बैंस ने दावा किया कि पंजाब ने स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य ने सीखने के स्तर में केरल को पीछे छोड़ा है और शिक्षा सूचकांक में देश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग की 2026 की रिपोर्ट और केंद्र सरकार की पीजीआई 2.0 रैंकिंग में पंजाब के सरकारी स्कूल देश में पहले स्थान पर रहे हैं।

युवाओं के कल्याण पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री बैंस ने कहा कि पंजाब सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ योग्यता के आधार पर 68 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनने का आह्वान करते हुए कहा कि एआई रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है और विद्यार्थियों को इस तकनीकी क्रांति का हिस्सा बनना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद करते हुए आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था की मजबूती पर निर्भर करती है और पंजाब इस दिशा में देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित