घनौर , मई 21 -- शिरोमणि अकाली दल यूथ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हल्का घनौर के इंचार्ज सरबजीत सिंह झिंजर ने शुक्रवार को सर्कल प्रधानों और वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में आगामी विशाल पदयात्रा 'बोलेगा घनौर, बदलेगा दौर' की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

हल्का घनौर स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में आयोजित इस बैठक के दौरान पदयात्रा की रूपरेखा, रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गयी। नेताओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि हल्के के हर गांव तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।

बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने और जनता की आवाज बनने का आह्वान भी किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए सरबजीत सिंह झिंजर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

श्री झिंजर ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार घनौर क्षेत्र के लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल जनता की सच्ची नुमाइंदगी करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, " यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि घनौर के लोगों के साथ हमारा वादा है कि हम हर समय उनके साथ खड़े हैं। "श्री झिंजर ने विश्वास जताया कि इस यात्रा से पार्टी के पंथक और संगठनात्मक ढांचे को और मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित