मुंबई , अगस्त 12 -- इस स्वतंत्रता दिवस जी सिनेमा पर 'बॉर्डर 2' के वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर से पहले चैनल देश और वीर जवानों के सम्मान में 'बॉर्डर 2 तिरंगा यात्रा' का आयोजन करने जा रहा है। इसके तहत जयपुर और उदयपुर में देशभक्ति, संगीत और उत्साह से भरपूर मेगा रोड शो आयोजित किये जाएंगे।

'बॉर्डर 2 तिरंगा यात्रा' 13 अगस्त को जयपुर और 14 अगस्त को उदयपुर की सड़कों से गुजरेगी। इस दौरान बाइकर्स, तिरंगा, संगीत, नृत्य और 'बॉर्डर 2' के यादगार संवादों के जरिए लोगों को इस जश्न से जोड़ा जाएगा तथा देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के साहस और बलिदान को सलाम किया जाएगा।

रोड शो का मुख्य आकर्षण विशेष रूप से तैयार किया गया 'बॉर्डर 2' ट्रक होगा, जो दोनों शहरों में विभिन्न स्थानों पर रुकेगा। यहां लाइव प्रस्तुतियां, संगीत और दर्शकों के साथ बातचीत के अलावा फिल्म से जुड़े यादगार पलों को भी साझा किया जाएगा। ट्रक के साथ तिरंगा लिये बाइकर्स का काफिला भी चलेगा।

'बॉर्डर 2 तिरंगा यात्रा' के जरिए फिल्म की कहानी और देशभक्ति की भावना को सिनेमाघरों की स्क्रीन से निकालकर शहरों के बीच पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। तिरंगे के रंगों, संगीत और देशभक्ति के उत्साह के साथ यह यात्रा लोगों को स्वतंत्रता दिवस के जश्न में एकजुट करेगी।

'बॉर्डर 2' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 15 अगस्त को शाम 7:30 बजे जी सिनेमा पर होगा। इस अवसर पर चैनल ने लोगों से देश की सुरक्षा के लिये सीमाओं पर डटे वीर जवानों के साहस, बलिदान और देश के प्रति उनके अटूट जज्बे को सलाम करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित