हरिद्वार , अक्टूबर, 24 -- उत्तराखंड में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से शनिवार को जिला बार एसोसिएशन, रोशनाबाद के सभागार में बालिका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत आयोजित समारोह में हाईस्कूल परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जनपद की 60 बालिकाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, पोषण किट और स्मार्ट वॉच प्रदान कर बालिकाओं की उपलब्धियों की सराहना की।

मुख्य अतिथि डॉ. ललित नारायण मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में जिस मुकाम और शिखर तक व्यक्ति पहुंचता है, उसे बरकरार रखने के लिए समय का सदुपयोग, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद आवश्यक हैं। कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर ही निर्धारित लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं से अपनी प्रतिभा को पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित