पौड़ी गढ़वाल , मार्च 31 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के विकासखंड द्वारीखाल अंतर्गत सतपुली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार को 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति अरोड़ा ने आज बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने का संदेश देना है।

इस दौरान केक काटकर तीन नवजात बालिकाओं मनस्वी, रामिया एवं वामिका का जन्मोत्सव मनाया गया। साथ ही लाभार्थियों को बेबी किट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलबी मनीष खुगशाल ने महिला अपराध, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया।

वहीं इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी अरोड़ा, सुपरवाइजर गीता सैलानी, नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, अधिशासी अधिकारी पूनम सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्री विजयलक्ष्मी, संगीता, मालती एवं बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं व लाभार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में बालिका जन्म को लेकर सकारात्मक वातावरण बनाने और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देने का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित