मुंबई , सितंबर 10 -- 'बाहुबली' फ्रेंचाइजी को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने की दिशा में आर्का मीडिया वर्क्स ने ड्रीम थिएटर प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की घोषणा की है। यह साझेदारी 'बाहुबली' फ्रेंचाइजी और आगामी दो-भाग वाली सीजीआई एनिमेटेड फिल्म 'बाहुबली: द इटरनल वॉर' के लिए कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और ब्रांड पार्टनरशिप कार्यक्रमों पर केंद्रित होगी।
समझौते के तहत ड्रीम थिएटर भारत के लिए एक्सक्लूसिव लाइसेंसिंग और मर्चेंडाइजिंग पार्टनर होगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय लाइसेंसिंग, प्रायोजन, ब्रांड एसोसिएशन, प्रचारात्मक गठजोड़ और को-ब्रांडेड पहलों के लिए वह रणनीतिक साझेदार के रूप में काम करेगा।
'बाहुबली' की दोनों फिल्मों ने दुनियाभर में 2,400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। अब फ्रेंचाइजी 'बाहुबली: द इटरनल वॉर' के जरिए एनिमेशन की दुनिया में विस्तार कर रही है। आर्का मीडिया वर्क्स निर्मित और ईशान शुक्ला निर्देशित यह दो-भाग वाली सीजीआई एनिमेटेड फिल्म बाहुबली की कहानी को एक नई दुनिया में ले जाती है।
फिल्म की कहानी बाहुबली की मृत्यु के बाद उसके आफ्टरलाइफ में पहुंचने और 14 रियल्म्स से जुड़ी चुनौती का सामना करने पर आधारित है। भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित यह फिल्म स्टाइलाइज्ड सीजीआई एनिमेशन के जरिए एक नई दृश्यात्मक दुनिया पेश करती है। फिल्म को 2026 के एनेसी इंटरनेशनल एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल के वर्क इन प्रोग्रेस कार्यक्रम के लिए चुना गया है।
ड्रीम थिएटर 'बाहुबली' फ्रेंचाइजी के लिए परिधान, कलेक्टिबल्स, फिगर्स, बैग, स्टेशनरी, प्रकाशन, गेमिंग और एक्सपीरियंशियल पहल सहित विभिन्न क्षेत्रों में लाइसेंसिंग एवं मर्चेंडाइजिंग के अवसर विकसित करेगा। दोनों कंपनियां प्रायोजन, ब्रांड एसोसिएशन, प्रचारात्मक सहयोग और को-ब्रांडेड अवसरों पर भी साथ काम करेंगी।
फ्रेंचाइजी के निर्माता एस.एस. राजामौली ने कहा कि 'बाहुबली' में हमेशा फिल्मों से आगे बढ़ने की क्षमता रही है और 'द इटरनल वॉर' इस दुनिया को नए तरीके से तलाशने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी को नए अनुभवों तक ले जाने की यात्रा में ड्रीम थिएटर के जुड़ने से वह खुश हैं।
आर्का मीडिया वर्क्स के सीईओ शोबू यारलागड्डा ने कहा कि 'द इटरनल वॉर' 'बाहुबली' यूनिवर्स को नई दिशाओं में ले जाने का अवसर है और इसमें लाइसेंसिंग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने ड्रीम थिएटर के लाइसेंसिंग कार्यक्रमों और ब्रांड साझेदारियां विकसित करने के अनुभव पर भरोसा जताया।
ड्रीम थिएटर प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं सीईओ जिग्गी जॉर्ज ने कहा कि कंपनी 'बाहुबली' फ्रेंचाइजी और 'द इटरनल वॉर' के लिए आर्का मीडिया वर्क्स के साथ साझेदारी को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कहा कि एनिमेटेड फिल्में उत्पादों, साझेदारियों और नए अनुभवों के लिए कई संभावनाएं खोलती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित